दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में मुकेश चौधरी और पथुम निसांका के बीच दिलचस्प टक्कर देखने को मिली। निसांका ने शानदार लैप स्कूप खेलकर छक्का जड़ा, लेकिन गेंदबाज ने तुरंत पलटवार किया। उसी ओवर में मुकेश ने निसांका को आउट कर हिसाब बराबर कर लिया।
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मंगलवार (5 मई) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 48वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी ने अपनी समझदारी भरी गेंदबाजी से पथुम निसांका को चौंका दिया। दरअसल, पारी का चौथा ओवर मुकेश चौधरी डाल रहे थे। ओवर की चौथी गेंद पर पथुम निसांका ने बेहतरीन लैप स्कूप खेलते हुए गेंद को फाइन लेग के ऊपर से छक्के के लिए भेज दिया। यह मैच का पहला छक्का था और निसांका ने शानदार टाइमिंग के साथ इसे अंजाम दिया।
लेकिन इसके बाद मुकेश चौधरी ने शानदार वापसी की। उन्होंने अपनी गति में बदलाव किया और बल्लेबाज को चकमा दे दिया। ओवर की आखिरी गेंद पर निसांका एक बार फिर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में जल्दबाजी कर बैठे और गेंद हवा में चली गई। मिड-ऑन पर खड़े डेवाल्ड ब्रेविस ने पीछे की ओर दौड़ते हुए आसान कैच लपक लिया। इस विकेट के साथ ही पथुम निसांका की पारी 15 गेंदों में 19 रन पर खत्म हो गई। मुकेश ने इस मुकाबले में किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 31 रन देकर अहम विकेट झटका।