चार बार की विजेता मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन में खेला गया मैच श्रेष्ठता की जंग के तौर पर देखा जा रहा था, जिसका कारण इन दोनों टीमों का इस सीजन का प्रदर्शन। इस मैच में मुंबई ने दिल्ली को पांच विकेटों से हरा दिया। (23:53)
दोनों टीमें संतुलित हैं और हर विभाग में निपुण, लेकिन शेख जाएद स्टेडियम में मुंबई दिल्ली से थोड़ा बेहतर साबित हुई।
दिल्ली ने शिखर धवन (नाबाद 69 रन, 52 गेंद, 6 चौके, 1 छक्का) के अर्धशतक के दम पर 20 ओवरों में चार विकेट गंवाकर 162 रन बनाए। इस लक्ष्य को मुंबई ने क्विटंन डी कॉक (53 रन, 36 गेंद, 4 चौके, 3 छक्के ) और सूर्यकुमार यादव (53 रन, 32 गेंद, 6 चौके, 1 छक्का) के अर्धशतकों की सहायता से 19.4 ओवरों में हासिल कर लिया।
मुंबई के लिए हालांकि यह स्कोर हासिल करना आसान नहीं था, क्योंकि दिल्ली की गेंदबाजी बेहद मजबूत है। अक्षर पटेल ने रोहित शर्मा (5) को आउट कर मुंबई को पहला झटका दिया। रोहित के जोड़ीदार डी कॉक ने इस मैच में रोहित की कमी पूरी की और अर्धशतक जमाया। सूर्यकुमार के साथ मिलकर वो दिल्ली की चिंताओं को बढ़ा रहे थे। रविचंद्रन अश्विन ने 10वें ओवर की पांचवीं गेंद पर डी कॉक को पृथ्वी शॉ के हाथों कैच करा मुंबई का दूसरा विकेट चटकाया। 10 ओवर बाद मुंबई का स्कोर 78/2 था और उसे जीतने के लिए 85 रन और चाहिए थे।