Mumbai Indians schedule IPL 2026: गुरुवार (26 मार्च) को आईपीएल (IPL 2026) के पूरे शेड्यूल का ऐलान हो चुका है और पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) एक बार फिर छठी खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। मुंबई इंडियंस अपने सभी सात घरेलू मुकाबले मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगी, जहां फैंस को हमेशा की तरह जबरदस्त माहौल देखने को मिलेगा।
मुंबई इंडियंस अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में करेगी। इसके बाद टीम 4 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ दिल्ली में और 7 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में अपना अगला मुकाबला खेलेगी। वहीं लीग स्टेज का आखिरी मैच 24 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुंबई में ही होगा।
इस सीजन मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी टक्कर अपने चिर-प्रतिद्वंदी चेन्नई सुपर किंग्स से दो बार होगी। पहला मुकाबला 23 अप्रैल को मुंबई में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 2 मई को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होगा। इसके अलावा MI इस सीजन KKR, RCB, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ भी दो-दो मुकाबले खेलेगी, जिससे फैंस को कई बड़े मैच देखने को मिलेंगे।