मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के दिग्गज बल्लेबाज़ रोहित शर्मा (Rohit Sharma) अपनी हैमस्ट्रिंग इंजरी से पूरी तरह ठीक हो गए हैं और उन्होंने बीते सोमवार, 04 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) के खिलाफ 44 गेंदों पर 84 रनों की तूफानी पारी खेलकर मैदान पर धमाकेदार वापसी की है। गौरतलब है कि इस मुकाबले से पहले MI के प्रैक्टिस सेशन में हिटमैन के शॉट से एक ग्राउंड स्टाफ चोटिल हो गया था जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
दरअसल, MI ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जो कि करीब 1 मिनट 4 सेकंड का है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि रोहित बैटिंग प्रैक्टिस करते समय एक ग्राउंड स्टाफ से ऑफ साइड के नेट्स खोलने को कहते हैं जिसके कुछ ही देर बाद उनके बैट से निकला एक शॉट सिबान बिस्वास नाम के एक ग्राउंड स्टाफ को घायल कर देता है।
रोहित के बैट से निकली बॉल सिबान बिस्वास के सीधा बाएं पैर के घुटने से टकराती है जिसके बाद वो दर्द से तड़प उठते हैं और जमीन पर ही बैठ जाते हैं। ये दुर्घटना होती देख रोहित काफी चिंतित हो जाते हैं और तुरंत ही बिस्वास के पास जाते हैं। खास बात तो ये है कि हिटमैन ये भी सुनिश्चित करते हैं कि सिबान बिस्वास को पूरी ट्रीटमेंट मिले।