हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) की कैप्टेंसी वाली मुंबई इंडियंस की टीम (Mumbai Indians) आईपीएल 2026 (IPL 2026) में रविवार, 24 मई को अपने होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपना आखिरी लीग मुकाबला खेलेगी। गौरतलब है कि इस मुकाबले से पहले मुंबई इंडियंस ने अपनी स्क्वाड में दो नए खिलाड़ियों को एंट्री दी है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, MI ने क्विंटन डी कॉक और राज अंगद बावा की रिप्लेसमेंट की घोषणा कर दी है, जो कि चोटिल होने के कारण इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए। MI ने डी कॉक और बावा की जगह महिपाल लोमरोर और रुचित अहीर को अपनी स्क्वाड में चुना है। याद दिला दें कि महिपाल लोमरोर, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के एक्स-प्लेयर हैं। वो आईपीएल टूर्नामेंट गुजरात टाइटंस, राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल चुके हैं।
महिपाल के नाम 40 IPL मैचों का अनुभव है जिसमें उन्होंने 141.29 की स्ट्राइक रेट से 527 रन बनाए हैं। उन्हें MI ने 50 लाख रुपये में अपनी टीम में जोड़ा है। बात करें अगर रुचित अहीर की तो इस 25 साल के खिलाड़ी को MI ने 30 लाख रुपये में खरीदा है। वो सौराष्ट्र के लिए 16 लिस्ट ए और 12 टी20 मैच खेल चुके हैं।