IPL 2026, Chennai Super Kings vs Mumbai Indians: आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस के लिए नमन धीर ने शानदार पारी खेली। रयान रिकेल्टन ने भी अच्छा साथ दिया, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। आखिर में मुंबई 159 रन तक पहुंची और चेन्नई को 160 रन का लक्ष्य मिला।
आईपीएल 2026 का 44वां मुकाबला शनिवार (2 मई) को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को विल जैक्स (1) के रूप में जल्दी झटका लगा, जो दूसरे ही ओवर में पवेलियन लौट गए। इसके बाद रयान रिकेल्टन और नमन धीर ने कुछ देर पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 58 रन की अहम साझेदारी की। रिकेल्टन ने 24 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि नमन धीर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 57 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।