महिला प्रीमियर लीग 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की तेज़ गेंदबाज़ नंदिनी शर्मा ने इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि के साथ नंदिनी ने सायका इशाक का रिकॉर्ड तोड़ते हुए खुद को भारतीय गेंदबाजों की एक खास लिस्ट में टॉप पर पहुंचा दिया। मौजूदा सीजन में उनका प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है।
महिला प्रीमियर लीग 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला मंगलवार, 3 फरवरी को वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, कोटांबी में गुजरात जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। इस अहम मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की तेज़ गेंदबाज़ नंदिनी शर्मा ने अपनी घातक गेंदबाज़ी से नया इतिहास रच दिया।
24 वर्षीय नंदिनी शर्मा, जो चंडीगढ़ से ताल्लुक रखती हैं, WPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज़ बन गई हैं। उन्होंने WPL 2026 में अब तक 9 मैचों में 16 विकेट झटके हैं। इससे पहले WPL 2023 में सायका इशाक ने 15 विकेट चटकाए थे। इसी के साथ नंदिनी अब भारतीय गेंदबाज़ों की इस खास सूची में नंबर-1 पर पहुंच गई हैं।