Nandni Sharma Record: चंडीगढ़ की रहने वालीं 24 साल की तेज गेंदबाज़ नंदिनी शर्मा (Nandni Sharma) को बीते शुक्रवार, 28 मई को इंग्लैंड की धरती पर भारतीय महिला टीम (India Women Cricket Team) के लिए अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू करने का मौका मिला और इसे उन्होंने बेहद यादगार बना दिया है। गौरतलब है कि इस मुकाबले में उन्होंने इंग्लैंड के तीन विकेट झटके और एक बेहद ही खास रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। सबसे पहले ये जान लीजिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम मौजूदा समय में इंग्लैंड के टूर पर है जहां वो फिलहाल तीन मैचों की टी20 सीरीज खेल रही हैं। इस सीरीज का पहला मुकाबला चेम्सफोर्ड के काउंटी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया था जहां नंदिनी ने अपनी तेज गेंदबाज़ी से धमाल ही मचा दिया और अपने कोटे के चार ओवर में 34 रन देकर इंग्लैंड के 3 विकेट झटके।
इसी के साथ अब नंदिनी भारतीय महिला टीम के टी20 इतिहास की ऐसी सिर्फ दूसरी तेज गेंदबाज़ बन गईं हैं, जिन्होंने अपने डेब्यू मुकाबले में तीन विकेट लेने का कारनामा किया हो। उनसे पहले साल 2010 में सोनिया दबीर ने इंग्लैंड के खिलाफ ही ये रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने मुंबई के मैदान पर इंग्लिश टीम के सामने अपने डेब्यू टी20 मैच में 23 रन देकर 3 विकेट लिए थे।