आईपीएल 2024 (IPL 2024) के 48वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराकर एक बार फिर से टॉप-4 में एंट्री कर ली। इस मैच में मुंबई के गेंदबाजों ने मैच को आखिरी ओवर तक तो पहुंचाया लेकिन स्कोरबोर्ड पर रन ना होने की वजह से लखनऊ जीत तक पहुंच ही गया। मुंबई की तरफ से अकेले नेहल वढेरा ही लड़ते दिखे। उन्होंने आउट होने से पहले 41 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 46 रन बनाए।
इस दौरान वढेरा ने लखनऊ के स्पीडस्टर मयंक यादव को भी रिमांड पर लिया। मयंक जब अपने स्पेल की शुरुआत करने आए तो उनकी पहली ही बाउंसर गेंद वढेरा के हेल्मेट पर जा लगी और शुरुआत में वढेरा मयंक के सामने संघर्ष करते भी दिखे लेकिन एक बार पिच पर नज़रें टिकने के बाद उन्होंने मयंक को भी नहीं बख्शा और उनके एक ही ओवर में दो छक्के और एक चौका जड़कर लखनऊ की टीम के होश उड़ा दिए।
ये घटना एमआई की पारी के 15वें ओवर के दौरान घटित हुई। मयंक के इस ओवर की पहली गेंद बैक ऑफ लेंथ डिलीवरी थी, जिसे वढेरा ने लेग साइड पर छक्के के लिए उड़ा दिया। इसके बाद मयंक ने लगातार तीन डॉट गेंदें डालीं, लेकिन मुंबई के बल्लेबाज ने ओवर की पांचवीं गेंद को फिर से स्टैंड में भेज दिया। वढेरा ने ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर कुल 16 रन लूट लिए। मयंक की इस तरह से पिटाई देखकर लखनऊ के फैंस स्तब्ध थे।
Nehal #TATAIPL #LSGvMI #IPLonJioCinema #IPLinMarathi pic.twitter.com/kssy0SKaLl
— JioCinema (@JioCinema) April 30, 2024