नेपाल के लोगों की हिम्मत उन्हें मुश्किल समय से निकाल लेगी: युवराज सिंह (नेपाल के लोगों की हिम्मत उन्हें मुश्किल समय से निकाल लेगी: युवराज सिंह)
भारत का पड़ोसी देश नेपाल इस समय बाढ़ से मची भीषण तबाही का दंश झेल रहा है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए अपनी संवेदना व्यक्त की है।
युवराज सिंह ने एक्स पर लिखा, "नेपाल में बाढ़ ने बहुत ज्यादा तबाही मचाई है। मेरी दुआएं उन सभी लोगों के साथ हैं जो इससे प्रभावित हुए हैं, खासकर उन परिवारों के साथ जो अभी भी अपने प्रियजनों का इंतजार कर रहे हैं। उम्मीद है, नेपाल के लोगों की हिम्मत उन्हें इस बहुत मुश्किल समय से निकाल लेगी।"
नेपाल के क्रिकेटर दीपेंद्र सिंह ऐरी और संदीप लामिछाने ने देश के कई हिस्सों में आई भयानक बाढ़ और लैंडस्लाइड पर चिंता जताई है। दोनों क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया पर लोगों से सावधान रहने और हालात बिगड़ने पर सुरक्षा के तरीके अपनाने की अपील की है।