न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने आयरलैंड के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट (IRE vs NZ) और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज (ENG vs NZ Test) के लिए अपनी स्क्वाड की घोषणा कर दी है। कीवी फैंस के लिए खुशखबरी है कि न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम में लंबे कद के घातक तेज गेंदबाज़ काइल जेमीसन (Kyle Jamieson) और विलियम ओ'रूर्के (Will O’Rourke) की वापसी हो गई है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने खुद अपने एक्स अकाउंट से एक ट्वीट साझा करके फैंस को इस खबर की जानकारी दी है। उन्होंने टीम साझा करते हुए लिखा, "BLACKCAPS की तेज़ गेंदबाज़ी और भी मजबूत हो गई है क्योंकि उनके प्रमुख तेज़ गेंदबाज़ काइल जेमीसन और विलियम ओ'रूर्के टीम में वापस आ गए हैं। ये दोनों खिलाड़ी मई के आखिर में आयरलैंड के खिलाफ होने वाले एक टेस्ट मैच और जून में इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली तीन टेस्ट मैचों की सीरीज़ के लिए उपलब्ध होंगे।"
गौरतलब है कि 31 साल के काइल जेमीसन ने साल 2024 में न्यूजीलैंड के लिए अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला खेला था जो कि माउंट माउंगानुई में साउथ अफ्रीका के साथ हुआ था। वो 19 टेस्ट मैचों में 80 विकेट और लगभग 20 की औसत से 432 रन बना चुके हैं। बात करें विलियम ओ'रूर्के की तो उन्होंने साल 2025 में जिम्बाब्वे के साथ बुलवायो में अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला खेला था। 24 साल के विलियम 11 टेस्ट में 39 विकेट अपने नाम रखते हैं।