IPL 2026, Mumbai Indians vs Lucknow Super Giants: आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के बल्लेबाजों ने मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। निकोलस पूरन और मिचेल मार्श ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंत में लखनऊ ने 228 रन बनाकर मुंबई के सामने बड़ा लक्ष्य रख दिया।
आईपीएल 2026 का 47वां मुकाबला सोमवार (4 मई) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। डेब्यू कर रहे जोश इंग्लिस 13 रन बनाकर जल्दी ही पवेलियन लौट गए।
इसके बाद निकोलस पूरन और मिचेल मार्श ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 35 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक साझेदारी कर डाली। मार्श ने 25 गेंदों में 44 रन बनाए, जबकि पूरन ने सिर्फ 21 गेंदों में 63 रन ठोक दिए, जिसमें 1 चौका और 8 छक्के शामिल रहे।