लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेले गए आईपीएल (IPL 2026) के मुकाबले में एक बार फिर खिलाड़ियों के बीच हाई-वोल्टेज मोमेंट देखने को मिला। मैच के दौरान क्रुणाल पांड्या और निकोलस पूरन के बीच हल्की नोकझोंक हुई, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया। वहीं अब मुकाबले के बाद भी दोनों खिलाड़ियों का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला हमेशा से काफी रोमांचक और हाई-वोल्टेज रहा है। गुरुवार (7 मई) को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां मैच के दौरान खिलाड़ियों के बीच हल्का तनाव और फिर बाद में दोस्ताना अंदाज़ दोनों देखने को मिले।
दरअसल, लखनऊ सुपर जायंट्स की पारी के दौरान निकोलस पूरन जब बल्लेबाजी के लिए आए तो RCB के ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या ने उनका स्वागत लगातार दो बाउंसर गेंदों से किया। दूसरी बाउंसर पर पूरन ने सिंगल लिया, लेकिन रन पूरा करने के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ शब्दों का आदान-प्रदान देखने को मिला और मैदान पर माहौल थोड़ा गर्म नजर आया।