नाइजीरिया ने आईसीसी अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2027 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। नाइजीरिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ रोमांचक फाइनल में 4 रन से रोमांचक जीत हासिल की।
अफ्रीका क्वालीफायर डिवीजन 1 फाइनल में मिली इस जीत के साथ नाइजीरिया ने बगैर कोई मैच गंवाए अपना सफर परा किया। इसी के साथ उसने अगले साल होने वाले टूर्नामेंट के लिए अफ्रीका की एकमात्र क्वालिफिकेशन जगह पक्की कर ली। वे आईसीसी अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के साथ महाद्वीप का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस टूर्नामेंट की मेजबानी बांग्लादेश और नेपाल करेंगे।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी नाइजीरिया ने 98 रन बनाए। इसके बाद उनके गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 94 रन पर रोक दिया; उस समय पारी की सिर्फ एक गेंद बची थी। कप्तान क्रिस्टाबेल चुकवुओन्ये ने 21 रनों की अहम पारी खेलकर टीम की अगुआई की, जबकि ब्यूटी ओगुआई ने 19 और जेसिका बिएनी ने 15 रन बनाए। इस तरह नाइजीरिया ने मुश्किल पिच पर एक अच्छा स्कोर खड़ा किया। जिम्बाब्वे की क्रिस्टीन मुतासा ने दो विकेट लिए, जबकि तादिवानाशे गारुत्सा ने एक विकेट हासिल किया।