इंग्लैंड की महिला टीम ने आयरलैंड को तीसरे मुकाबले में 114 रन से रौंदकर वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया है। 119 रन की शतकीय पारी खेलने वालीं सोफिया डंकले को 'प्लेयर ऑफ द मैच' के साथ 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। सोफिया ने इस सीरीज के 3 मुकाबलों में 70.67 की औसत के साथ कुल 212 रन बनाए।
न्यू रोड पर खेले गए मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम 48.5 ओवरों में 291 रन पर सिमट गई। मैया बाउचियर ने सोफिया डंकले के साथ पहले विकेट के लिए 72 गेंदों में 73 रन की साझेदारी की। बाउचियर 35 गेंदों में 6 चौकों के साथ 39 रन बनाकर आउट हुईं।
इसके बाद डंकले ने जोडी ग्र्यूकॉक के साथ दूसरे विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। इंग्लैंड को ग्र्यूकॉक के रूप में दूसरा झटका लगा, जो 2 चौकों के साथ 35 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि डंकले ने 119 गेंदों में 15 चौकों के साथ 119 रन बनाए।