पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज अतीक-उज-जमां पाकिस्तानी पुरुष टीम के मौजूदा हालत से बेहद दुखी हैं। अतीक का मानना है कि इंग्लैंड में जारी टेस्ट सीरीज के बीच में ही खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ में बदलाव और अफरा-तफरी के कारण टीम की हालत बहुत खराब हो गई है।
लॉर्ड्स में 194 रनों की करारी हार के बाद पाकिस्तानी टीम तीन मुकाबलों की सीरीज में 0-2 से पिछड़ गई है। इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने 9 सितंबर से एजबेस्टन में शुरू होने वाले आखिरी मैच से पहले 7 खिलाड़ियों, हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को घर वापस भेजने का फैसला लिया।
व्हाइट-बॉल कोच माइक हेसन और एशले नोफके ने रेड-बॉल कोचिंग की जिम्मेदारी संभाल ली है, जबकि पूर्व कप्तान मिसबाह-उल-हक ने सिलेक्शन पैनल से इस्तीफा देने के साथ लाहौर में नेशनल क्रिकेट एकेडमी में बैटिंग कंसल्टेंट का पद भी छोड़ दिया।