ICC Women's T20 World Cup 2026, India Women vs Pakistan Women: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रन से हराकर दमदार शुरुआत की। स्मृति मंधाना के अर्धशतक और दीप्ति शर्मा की घातक गेंदबाजी के दम पर टीम इंडिया ने एकतरफा जीत दर्ज की।
बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में रविवार (14 जून) को खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने पावरप्ले के अंदर ही शेफाली वर्मा (6) और जेमिमा रोड्रिग्स (1) के विकेट गंवा दिए।
शुरुआती झटकों के बाद स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 64 गेंदों में 91 रन जोड़कर भारत की वापसी कराई। हरमनप्रीत ने 35 गेंदों में 36 रन बनाए, जबकि स्मृति ने 44 गेंदों में 68 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनकी पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।