महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम को एक और झटका लगा है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने रविवार, 14 जून को भारत के खिलाफ मैच के दौरान धीमी ओवर-रेट के लिए पाकिस्तान पर उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया है। बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले गए मैच में पाकिस्तान की बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी भी निराशाजनक रही थी।
ICC मैच रेफरी ट्रुडी एंडरसन ने ये जुर्माना इसलिए लगाया क्योंकि फातिमा सना की कप्तानी वाली टीम तय समय-सीमा के भीतर एक ओवर कम फेंक पाई थी। न्यूनतम ओवर-रेट से जुड़े उल्लंघन, खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के सहयोगी स्टाफ के लिए ICC आचार संहिता के आर्टिकल 2.22 के अंतर्गत आते हैं और यही कारण है कि पाकिस्तानी महिला टीम पर जुर्माना लगाया गया है।
ICC के नियमों के अनुसार, "जब मैच रेफरी ये पुष्टि करता है कि किसी अंतरराष्ट्रीय मैच में फील्डिंग करने वाली टीम न्यूनतम ओवर-रेट बनाए रखने में विफल रही है, तो इसे आचार संहिता के आर्टिकल 2.22 के तहत उल्लंघन माना जाएगा। इसके बाद मैच रेफरी तुरंत आचार संहिता के आर्टिकल 4.1 के अनुसार 'नोटिस ऑफ चार्ज' जारी करेगा और फिर इस मामले का फैसला मैच रेफरी द्वारा आर्टिकल 5 में बताई गई प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।"