टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने को पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को मंज़ूरी दे दी है। हालांकि इस मंज़ूरी के साथ एक बड़ी शर्त भी सामने आई है। पाकिस्तान टीम भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज में होने वाला हाई-वोल्टेज मुकाबला नहीं खेलेगी। 15 फरवरी को कोलंबो में प्रस्तावित इस मैच से पाकिस्तान के हटने के फैसले ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट टीम की स्थिति साफ हो गई है। भारत और श्रीलंका की मेज़बानी में 7 फरवरी से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान हिस्सा तो लेगा, लेकिन भारत के खिलाफ मुकाबले से दूरी बनाए रखेगा। यह जानकारी खुद पाकिस्तान सरकार की ओर से सामने आई है।
Pakistan confirms participation in the T20 World Cup and travel to Sri Lanka, but announces a boycott of the match against India. pic.twitter.com/1QKvbEVa CRICKETNMORE (cricketnmore) February 1, 2026
पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि सलमान अली आगा की कप्तानी वाली टीम को ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 खेलने की इजाज़त दे दी गई है। हालांकि साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया गया कि 15 फरवरी को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच में पाकिस्तानी टीम मैदान पर नहीं उतरेगी। इस फैसले के बाद अब ICC और टूर्नामेंट आयोजकों के सामने ग्रुप ए के शेड्यूल और पॉइंट्स सिस्टम को लेकर नई चुनौती खड़ी हो सकती है।