Imran Khan: पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज मोईन खान ने साल 1992 में मुल्क को वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जिताने वाले कप्तान इमरान खान की बिगड़ती सेहत पर चिंता जताई है। इसके साथ ही उन्होंने सरकार और जेल अधिकारियों से अपील की है कि 73 वर्षीय इमरान को तुरंत और उचित मेडिकल देखभाल सुनिश्चित की जाए।
मोईन खान उस टीम का अहम हिस्सा रहें हैं, जिसने वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीता था। मोईन ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक भावुक वीडियो संदेश जारी करते हुए क्रिकेट जगत से पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री के समर्थन में एकजुट होने की अपील की।
इमरान अगस्त 2023 से भ्रष्टाचार के आरोपों में रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं। हालांकि, इन आरोपों से इमरान लगातार इनकार करते आए हैं। मोईन ने कहा, "जैसा कि आप सभी जानते हैं कि हमारे कप्तान इमरान खान अभी अदियाला जेल में हैं और उनकी हालत काफी खराब है। मैं एक बार फिर अधिकारियों, पाकिस्तान सरकार और अदियाला जेल चलाने वाले सभी लोगों से अपील करता हूं। मेरी गुजारिश है कि हमारे कप्तान के अधिकारों का सम्मान किया जाए – एक पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान के नागरिक के तौर पर उन्हें मेडिकल देखभाल का अधिकार है। उन्हें जिस भी चीज की जरूरत हो, उसका ध्यान रखा जाना चाहिए। इसके अलावा, मैं दूसरे क्रिकेटर्स से भी अपील करता हूं कि वे आगे आकर उनके समर्थन में अपनी आवाज उठाएं। पाकिस्तान क्रिकेट में इमरान खान का योगदान बहुत बड़ा है और उनके दौर में खेलने वाले हम सभी लोगों ने उनसे बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट को बहुत कुछ दिया है।"