T20 World Cup 2026 Super 8, Sri Lanka vs Pakistan Highlights: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 5 रन से हरा तो दिया, लेकिन सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गया। फखर ज़मान और साहिबजादा फरहान की विस्फोटक पारियों से पाकिस्तान ने 212 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका 207 रन तक पहुंचा, जो पाकिस्तान की नेट रनरेट की उम्मीदों पर पानी फेरने के लिए काफी था।
शनिवार (28 फरवरी) को कैंडी के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सुपर-8 के इस अहम मुकाबले में पाकिस्तान के सामने करो या मरो की स्थिति थी। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीम को न सिर्फ बड़ी जीत चाहिए थी, बल्कि श्रीलंका को 147 रन से कम पर रोकना भी जरूरी था।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत धमाकेदार रही। साहिबजादा फरहान और फखर ज़मान ने श्रीलंकाई गेंदबाज़ों पर शुरू से दबाव बना दिया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 95 गेंदों में 176 रन की तूफानी साझेदारी हुई। फखर ज़मान ने 42 गेंदों में 84 रन ठोके, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। वहीं फरहान ने 60 गेंदों में 100 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 5 छक्के जड़े।