पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी की कड़ी आलोचना की है। उनका कहना है कि इंग्लैंड के खिलाफ हालिया लॉर्ड्स टेस्ट को छोड़ने की धमकी देकर बोर्ड ने खुद का मजाक बनवाया है।
यह विवाद दूसरे टेस्ट के दौरान तब शुरू हुआ जब 'स्काई स्पोर्ट्स' ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल एथर्टन द्वारा खान के बेटों, सुलेमान और कासिम के साथ किए गए एक इंटरव्यू को प्रसारित किया। दोनों ने जेल में बंद अपने पिता की बिगड़ती सेहत और पाकिस्तान की जेल की स्थितियों के बारे में बात की। इसके बाद ऐसी खबरें आईं कि पीसीबी ने धमकी दी थी कि अगर इंटरव्यू का प्रसारण रद्द नहीं किया गया तो वे पहले दिन लंच के बाद मैदान पर नहीं उतरेंगे।
कासिम ने रविवार को 'द टेलीग्राफ' से कहा, "उन्होंने खुद का मजाक बनवाया।" वहीं, सुलेमान ने इंटरव्यू पर पीसीबी की प्रतिक्रिया पर हैरानी जताते हुए कहा, "मुझे किसी तरह की प्रतिक्रिया की उम्मीद थी, लेकिन मैंने नहीं सोचा था कि वे इतने नासमझ होंगे कि मैदान पर न उतरने की धमकी देंगे। पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी - जो 22 साल तक इंग्लैंड में रहे, उनके बारे में हुए इंटरव्यू को हटवाने की मांग करना पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अधिकार क्षेत्र में नहीं होना चाहिए। यह राजनीति के बारे में नहीं, बल्कि मानवीय स्थिति और उनकी सेहत के बारे में था।"