पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर शेन डिट्ज को पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच के रूप में नियुक्त किया है। शेन डिट्ज वेस्टइंडीज के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज से कार्यभार संभालेंगे।
पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम का हेड कोच नियुक्त किए जाने के बाद शेन डिट्ज ने कहा, "पाकिस्तान महिला टीम का हेड कोच बनकर मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। पाकिस्तान क्रिकेट का इतिहास बहुत शानदार रहा है और मुझे याद है कि जब मैं एक युवा खिलाड़ी था, तो 1992 में ऑस्ट्रेलिया में इंग्लैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप फाइनल में उन्हें चीयर करता था, जो पाकिस्तान क्रिकेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि थी।"
पीसीबी की तरफ से जारी एक बयान में उन्होंने कहा, "2028 में हम टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी करेंगे। हमारा मकसद समर्थकों को घरेलू मैदान पर चीयर करने का मौका देना है। वर्ल्ड कप में कॉम्पिटिटिव बने रहने के लिए हमें बहुत काम करना है और हम सभी को खिलाड़ियों और स्टाफ के तौर पर वर्ल्ड-क्लास परफॉर्मेंस देने के लिए विकसित होना होगा।"