The Hundred Mens 2026, WEF vs SOB: द हंड्रेड मेंस 2026 का 19वां मुकाबला सोमवार (3 अगस्त) को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स मैदान पर वेल्श फायर और सदर्न ब्रेव के बीच खेला गया। इस मुकाबले में वेल्श फायर के लिए खेल रहे इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज फिल साल्ट (Phil Salt) ने विकेट के पीछे शानदार फुर्ती दिखाते हुए ऐसा कैच लपका, जिसने मैच के शुरुआती ओवरों में ही सुर्खियां बटोर लीं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सदर्न ब्रेव की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने सिर्फ 7 गेंदों के अंदर अपने दोनों सलामी बल्लेबाज गंवा दिए। पहले बेन मैकिनी बिना खाता खोले क्रिस वोक्स का शिकार बने और विकेट के पीछे फिल साल्ट ने उनका आसान कैच लपका।
इसके तुरंत बाद जेमी स्मिथ भी ज्यादा देर टिक नहीं सके। पारी की सातवीं गेंद पर सैम कुक ने शॉर्ट ऑफ लेंथ गेंद फेंकी। स्मिथ आगे बढ़कर लेग साइड की ओर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन गेंद अतिरिक्त उछाल के कारण बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर विकेटकीपर की ओर चली गई। यहीं फिल साल्ट ने कमाल कर दिखाया। उन्होंने शानदार टाइमिंग के साथ हवा में छलांग लगाई और दाहिने हाथ से एक हाथ में ही गेंद को लपक लिया।