आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के लिए खेल रहे युवा बल्लेबाज़ प्रभसिमरन सिंह इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में हैं। इसकी वजह उनकी कोई बड़ी पारी नहीं, बल्कि इंस्टाग्राम पर शेयर की गई एक क्रिप्टिक स्टोरी है। प्रभसिमरन ने अपनी स्टोरी में एक शर्टलेस फोटो पोस्ट की, जिसके साथ उन्होंने “चुप रहने वाला” इमोजी भी लगाया। उनकी इस स्टोरी के बाद फैंस ने इसे सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं का जवाब मान लिया। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर ऐसी बातें चल रही थीं कि प्रभसिमरन का वजन 10 किलो बढ़ गया है और इसका असर उनके प्रदर्शन पर भी दिखाई दे रहा है। पंजाब किंग्स के लगातार खराब मैचों के बीच ये बातें और ज्यादा वायरल हो गईं। हालांकि, खिलाड़ी की तरफ से सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा गया, लेकिन उनकी इंस्टाग्राम स्टोरी ने लोगों का ध्यान जरूर खींच लिया। प्रभसिमरन की शर्टलेस तस्वीर उन तथाकथित पत्रकारों के मुंह पर तमाचा है जो बिना तथ्यों को जाने सिर्फ सुर्खियां और टीआरपी बटोरने के लिए ऐसी खबरें फैलाते हैं। इस पूरे मामले के बीच पंजाब किंग्स ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की। फ्रेंचाइज़ी ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि “सस्ती लोकप्रियता” के लिए फर्जी कहानियां फैलाना सही नहीं है। टीम ने लोगों से अपील की कि किसी भी खबर को फैलाने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जांच लें। टीम की सह-मालकिन प्रीति जिंटा ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ कहा कि आलोचना अलग बात है, लेकिन किसी खिलाड़ी या टीम को नुकसान पहुंचाने के लिए झूठी बातें फैलाना गलत है। Prabhsimran Singh Instragram story after so called journalists spread fake news about his weight gain. pic.twitter.com/kUh59SB5Gr अगर मैदान पर प्रदर्शन की बात करें तो 25 साल के प्रभसिमरन ने इस सीजन की शुरुआत काफी शानदार की थी। उन्होंने शुरुआती सात पारियों में चार अर्धशतक लगाए थे और मुंबई इंडियंस के खिलाफ नाबाद 80 रन की बेहतरीन पारी भी खेली थी। लेकिन पिछले कुछ मैचों में उनका बल्ला शांत रहा है। उनकी पिछली तीन पारियों में सिर्फ 36 रन आए हैं। फिलहाल पंजाब किंग्स पॉइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर मौजूद है और अब टीम की नजर अगले मुकाबले में वापसी करने पर होगी।