आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के डेब्यूटेंट तेज़ गेंदबाज़ प्रफुल्ल हिंगे ने आते ही इतिहास रच दिया। उन्होंने पारी के पहले ही ओवर में वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रिटोरियस को आउट कर राजस्थान रॉयल्स को पूरी तरह हिला दिया। उनकी गेंदबाज़ी के सामने RR का मजबूत टॉप ऑर्डर टिक ही नहीं पाया।
आईपीएल 2026 में एक नया नाम अचानक सुर्खियों में छा गया है और वो हैं सनराइजर्स हैदराबाद के 24 साल के डेब्यूटेंट तेज़ गेंदबाज़ प्रफुल्ल हिंगे। आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन में 30 लाख के बेस प्राइस पर खरीदे गए इस गेंदबाज़ ने अपने पहले ही मैच में ऐसा कारनामा कर दिया, जो बड़े-बड़े दिग्गज भी नहीं कर पाए।
सोमवार (13 अप्रैल) को आईपीएल 2026 के 21वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स जैसी मजबूत बल्लेबाज़ी लाइनअप के खिलाफ हिंगे ने पारी की शुरुआत की और पहले ही ओवर में मैच का पूरा रुख बदल दिया। कप्तान ईशान किशन ने उन पर भरोसा जताते हुए नई गेंद थमाई और हिंगे ने इस भरोसे को पूरी तरह सही साबित किया।