रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को हाल ही में भारतीय टी20 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। रोहित शर्मा किस लेवल के कप्तान हैं ये बात उनका आईपीएल का रिकॉर्ड साबित करता है। रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम ने 5 बार आईपीएल का खिताब जीता है। भारत के पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा का मानना है कि हिटमैन को इतना बड़ा कप्तान बनाने में एडम गिलक्रिस्ट का हाथ है।
एडम गिलक्रिस्ट जिनकी कप्तानी में डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद ने आईपीएल का खिताब जीता है उन्हीं के नेतृत्व में रोहित शर्मा ने अपने आईपीएल करियर की शुरूआत की थी।
प्रज्ञान ओझा ने कहा, 'रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के लिए एक बहुत बड़े कप्तान रहे हैं। इसका श्रेय एडम गिलक्रिस्ट को जाता है जिन्होंने रोहित शर्मा की योग्यता को पहचानकर उन्हें हैदराबाद टीम का उपकप्तान बनाया था। उस टीम में कई सीनियर खिलाड़ी मौजूद थे लेकिन, गिलक्रिस्ट ने रोहित शर्मा को ही उप कप्तान बनाया।'