लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने अपनी गेंदबाजी से कमाल दिखाया। उन्होंने शानदार गेंद पर विराट कोहली को क्लीन बोल्ड कर दिया। विराट इस मैच में खाता भी नहीं खोल सके और लंबे समय बाद IPL में शून्य पर आउट हो गए।
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में गुरुवार (7 मई) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 50वें मुकाबले में 24 साल के युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित कर दिया। उन्होंने दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में गिने जाने वाले विराट कोहली को शानदार गेंद पर बोल्ड कर बड़ा विकेट हासिल किया।
डीएलएस नियम के तहत 213 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में जैकब बेथेल (4) के आउट होने के बाद पारी का दूसरा ओवर डालने आए प्रिंस यादव ने पहली गेंद पर आउटस्विंगर फेंककर विराट कोहली को सेटअप किया। इसके बाद अगली ही गेंद पर उन्होंने 140.4kph की रफ्तार से इनस्विंग गेंद डाली, जिसने विराट के बल्ले और पैड के बीच से रास्ता बनाते हुए सीधे ऑफ स्टंप उखाड़ दिया।