मुंबई पुलिस ने भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ को सपना गिल से छेड़छाड़ मामले में एक बड़ी राहत दी है। मुंबई पुलिस ने कोर्ट के सामने कहा है कि भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ के खिलाफ एक सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर द्वारा लगाए गए छेड़छाड़ के आरोप के समर्थन में उन्हें कोई सबूत नहीं मिला है। सपना गिल ने इस साल की शुरुआत में अंधेरी की मजिस्ट्रेट अदालत में शॉ और उनके दोस्त आशीष यादव के खिलाफ छेड़छाड़ और बेसबॉल बैट से हमला करने के आरोप में आपराधिक शिकायत दर्ज कराई थी।
हिंदुस्तान टाइम्स ने पुलिस द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट के हवाले से कहा, "शॉ के खिलाफ दुर्व्यवहार के लिए छेड़छाड़ के आरोप का समर्थन करने के लिए कोई सबूत नहीं है और गिल का आरोप झूठा है।"
ये शॉ ही थे जिन्होंने सबसे पहले गिल और उनके दोस्तों के खिलाफ उस पर हमला करने की शिकायत दर्ज कराई थी। पृथ्वी ने एक होटल के अंदर सेल्फी लेने से सपना को मना कर दिया था। शॉ ने आरोप लगाया कि उन पर बेसबॉल बैट से हमला किया गया और झगड़े के दौरान उनकी कार का शीशा तक तोड़ा गया। शिकायत के बाद गिल को गिरफ्तार कर लिया गया लेकिन उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने शॉ और यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।