हर खेल में कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं, जो उस खेल को अपने नाम से पहचान दिलाते हैं। भारतीय बैडमिंटन के इतिहास में ऐसे ही खिलाड़ी पुलेला गोपीचंद रहे। बतौर प्लेयर तो गोपीचंद ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं, इसके साथ ही कोच के तौर पर भी देश को कई दमदार खिलाड़ी दिए।
पुलेला गोपीचंद का जन्म 16 नवंबर 1973 को आंध्र प्रदेश में हुआ। गोपीचंद अपने करियर की शुरुआत में क्रिकेटर बनना चाहते थे। हालांकि, उनके भाई ने पुलेला को बैडमिंटन खेलने के लिए कहा। इस खेल में बतौर खिलाड़ी गोपीचंद का करियर शानदार रहा। साल 2001 में वह ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप जीतने वाले महज दूसरे खिलाड़ी बने। उन्होंने फाइनल में चीन के चेन होंग को शिकस्त देकर प्रकाश पादुकोण के बाद इस खिताब पर कब्जा जमाया।
गोपीचंद ने 1998 में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने 1996 से लेकर 2000 तक लगातार पांच बार नेशनल चैंपियनशिप टूर्नामेंट के खिताब पर कब्जा जमाया। हालांकि, गोपीचंद को अपने करियर के दौरान घुटने की चोट से कई बार जूझना पड़ा। लगातार होने वाली इंजरी के चलते उनका करियर उतना लंबा नहीं हो सका।