महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की युवा स्पिनर राधा यादव ने अपनी चतुराई से बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना को चकमा देकर बड़ा विकेट झटका। वहीं विकेटकीपर ऋचा घोष ने भी शानदार स्टंपिंग कर इस विकेट में अहम भूमिका निभाई।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लीग चरण का 23वां मुकाबला गुरुवार (25 जून) को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट स्टेडियम में भारत और बांग्लादेश के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने सधी हुई शुरुआत की। उसे पहला झटका दिलारा अख्तर के रूप में जल्दी लग गया, जो सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
इसके बाद जुआइरिया फेरदौस और सोभना मोस्तारी ने दूसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 52 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की। जुआइरिया ने 31 गेंदों में 33 रन बनाए, जबकि सोभना मोस्तारी ने 26 गेंदों में 22 रन का योगदान दिया। हालांकि मध्य ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए बांग्लादेश पर दबाव बना दिया।