इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 13वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मंगलवार, 07 अप्रैल को बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम, गुवाहाटी में खेला जाएगा। ये मुकाबला भारतीय समय अनुसार शाम 07:30 बजे से शुरू होगा। हालांकि, मैच से पहले भारतीय फैंस के मन में मौसम को लेकर सवाल बना हुआ है क्योंकि इस सीजन में बारिश पहले ही अपना असर दिखा चुकी है और अब सबका ध्यान गुवाहाटी पर है।
इस मुकाबले को लेकर भले ही कितना भी उत्साह क्यों न हो, लेकिन एक बार फिर मौसम का मिज़ाज ही निर्णायक साबित हो सकता है। पूर्वोत्तर भारत के इस हिस्से में पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है, इसलिए गुवाहाटी के मौसम और वहां के हालात पर भी सबकी नज़रें टिकी रहेंगी। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, गुवाहाटी में शाम का मौसम ज़्यादातर साफ़ रहने की उम्मीद है।
यहां का तापमान लगभग 21°C के आसपास रहेगा और हवाएं हल्की चलेंगी। हवा में नमी का स्तर लगभग 85% रहेगा, जिससे खिलाड़ियों को मौसम थोड़ा उमस भरा और भारी लग सकता है। हालांकि, बारिश होने की संभावना केवल 14% है और मैच के दौरान बारिश होने की कोई उम्मीद नहीं है। आसमान में बादल मध्यम स्तर के रहेंगे और विज़िबिलिटी भी ठीक-ठाक बनी रहेगी। ऐसे में मौसम विभाग के अनुसार फैंस को पूरे 40 ओवर का मैच देखने को मिल सकता है।