राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में 'वन आवर ऑन द प्लेइंग फील्ड' थीम के तहत कार्यक्रम शुरू किया गया। केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि दी। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी इस अवसर पर मौजूद थे। इस अवसर पर मांडविया और अर्जुन राम मेघवाल क्रिकेट खेलते हुए नजर आए।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "आज मेजर ध्यानचंद की 121वीं जन्म जंयती है। उनकी जन्म जंयती को हम राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाते हैं। इस अवसर पर पूरे देश में फिट इंडिया अभियान को आगे बढाने के लिए एक घंटे खेल के मैदान में कार्यक्रम होगा। देश के युवा लाखों की संख्या में अपने-अपने नजदीकी मैदान में गए हैं और खेल से जुड़ी गतिविधियां कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "मुझे खुशी है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है। देश आगे बढ़ रहा है। देश का निर्माण हो रहा है। भारत के निर्माण में देश का युवा फिट हो, समाज फिट हो तभी राष्ट्र समृद्ध बनेगा। हमें हर सप्ताह एक घंटे खुद को मैदान में रखना चाहिए और खुद को फिट रखने की कोशिश करना चाहिए।"