भारत और श्रीलंका के बीच जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज में स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने गेंद और बल्ले से टीम के लिए अहम योगदान दिया है। हालांकि, इस दौरान उनकी गेंदबाजी का एक ऐसा आंकड़ा भी सामने आया है, जो उनके लिए बिल्कुल अच्छी खबर नहीं है।
जडेजा ने साल 2021 के बाद से टेस्ट क्रिकेट में कुल 88 नो बॉल डाल दी हैं। वह इस अवधि में सबसे ज्यादा नो बॉल डालने वाले स्पिन गेंदबाज हैं और दूसरे नंबर पर मौजूद पाकिस्तान के नोमान अली से काफी आगे हैं।
श्रीलंका के खिलाफ मौजूदा सीरीज में भी जडेजा की नो बॉल का सिलसिला जारी है। दूसरे टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने तीन नो बॉल डालीं, जबकि दूसरी पारी में एक बार फिर उनका पैर क्रीज से आगे निकल गया। यानी कोलंबो टेस्ट में वह अब तक कुल चार नो बॉल डाल चुके हैं। इससे पहले गॉल में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट में भी जडेजा ने चार नो बॉल डाली थीं। उन्होंने पहली पारी में दो और दूसरी पारी में दो नो बॉल की थीं। इस तरह दो टेस्ट मैचों की चार पारियों में जडेजा के खाते में कुल 8 नो बॉल जुड़ गईं।