इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का आगाज़ होने में 24 घंटे से भी कम का समय बचा है। पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाना है और इस मैच से पहले आरसीबी फैंस ये जानना चाहते हैं कि इस मैच में तेज़ गेंदबाज जोश हेजलवुड खेलते हुए नजर आएंगे या नहीं। इस मैच से पहले आरसीबी के हेड कोच एंडी फ्लावर ने खुद इस सवाल का जवाब दे दिया है।
फ्लावर ने साफ बताया कि वो हैदराबाद के खिलाफ मैच में तो नहीं खेलेंगे लेकिन वो जल्द ही IPL 2026 में वापसी करते हुए नजर आएंगे। हेज़लवुड ने अक्टूबर 2025 के बाद से कोई इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला है और चोट के कारण उन्हें एशेज टेस्ट और टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होना पड़ा था। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा था कि हेज़लवुड, पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क के साथ IPL 2026 सीज़न के शुरुआती कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे।
हालांकि, इसके बाद तेज़ गेंदबाज़ ने 26 मार्च को RCB टीम को जॉइन कर लिया और टीम के साथ ट्रेनिंग शुरू कर दी। हेज़लवुड को टीम के साथ हल्की-फुल्की ड्रिल में हिस्सा लेते हुए देखा गया लेकिन IPL 2026 के पहले मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए, फ्लावर ने साफ कर दिया कि हेज़लवुड SRH के खिलाफ मैच के लिए तैयार नहीं होंगे, लेकिन उनकी फिटनेस पर बारीकी से नज़र रखी जा रही है।