रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने जैसे ही आईपीएल 2026 का खिताब अपने नाम किया, वैसे ही देशभर में उनके फैंस ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। सालों से अपनी टीम को सपोर्ट कर रहे फैंस के लिए ये जीत किसी सपने के सच होने जैसी थी। कई शहरों में लोग सड़कों पर निकल आए, ढोल-नगाड़ों पर नाचे, जबकि कुछ ने पटाखे जलाए और देर रात तक जीत का जश्न मनाया।
हालांकि, खुशी के इस माहौल के बीच कुछ जगहों से अव्यवस्था की खबरें भी सामने आईं। कई शहरों में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर जमा हो गए, जिससे ट्रैफिक और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। आरसीबी की जीत के बाद कुछ वायरल वीडियो सामने आए हैं जिसमें देखा गया कि भीड़ इतनी ज्यादा हो गई थी कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर लाठी और डंडों का इस्तेमाल भी करना पड़ा।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश करते नजर आए। बताया जा रहा है कि लोगों की भारी भीड़ के कारण सड़कें जाम हो गई थीं और हालात बिगड़ने लगे थे। ऐसे में पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा ताकि व्यवस्था सामान्य बनी रहे। आंध्र प्रदेश के कुरनूल समेत कई अन्य इलाकों से भी ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जहां आरसीबी समर्थक बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए थे।