IND vs SL: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) श्रीलंका के खिलाफ अगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज में एक बेहद खास रिकॉर्ड अपने नाम करने के करीब हैं। अगर वह इस सीरीज में सिर्फ तीन छक्के और लगा देते हैं तो टेस्ट क्रिकेट में यह कारनामा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।
भारतीय क्रिकेट टीम मंगलवार (4 अगस्त) को श्रीलंका दौरे पर पहुंच चुकी है, जहां उसे 15 अगस्त से दो मैचों की अहम टेस्ट सीरीज खेलनी है। पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गाले में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) मैदान पर होगा।
इसी दौरे में भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा। पंत टेस्ट क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए दुनिया भर में मशहूर हैं। वह मुश्किल परिस्थितियों में भी बड़े शॉट खेलने से नहीं घबराते और यही अंदाज उन्हें बाकी बल्लेबाजों से अलग बनाता है। पंत अब तक 50 टेस्ट मैचों में 97 छक्के लगा चुके हैं। यानी श्रीलंका के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज में अगर वह सिर्फ तीन छक्के और जड़ देते हैं तो टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।