भारतीय युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के अफगानिस्तान के खिलाफ लगाए गए शानदार शतक के बाद 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत के बैकअप विकेटकीपर को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी अपनी राय रखी है।
अफगानिस्तान के खिलाफ बुधवार (17 जून) को लखनऊ में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में ईशान किशन ने 79 गेंदों में शानदार 125 रन की पारी खेलकर एक बार फिर भारतीय टीम में अपनी दावेदारी मजबूत की है। यह उनके वनडे करियर का दूसरा शतक था। जहां कई लोग इस प्रदर्शन के बाद उन्हें 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत का बैकअप विकेटकीपर मानने लगे हैं, वहीं पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन इस मामले में थोड़ा अलग सोच रखते हैं।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अश्विन ने कहा कि अभी 2027 वर्ल्ड कप को लेकर कोई अंतिम फैसला लेना जल्दबाजी होगी। उनके अनुसार केएल राहुल भारत के पहले पसंदीदा विकेटकीपर रहेंगे, लेकिन दूसरे विकेटकीपर की रेस में ऋषभ पंत को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।