आईपीएल 2026 के मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को बड़ा झटका लगा, जब कप्तान ऋषभ पंत चोटिल होकर मैदान छोड़ गए। जोश हेजलवुड की तेज़ गेंद उनकी कोहनी पर जा लगी, जिसके बाद वह काफी दर्द में नजर आए। जिसके चलते उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर बाहर जाना पड़ा।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच बुधवार (15 अप्रैल) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 23वें मुकाबले में एक बेहद चिंताजनक पल देखने को मिला। लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत को चोट लगने के बाद बीच मैच में ही मैदान छोड़ना पड़ा, जिससे टीम को बड़ा झटका लगा।
यह घटना पारी के पांचवें ओवर में हुई, जब पंत बल्लेबाज़ी कर रहे थे और सामने थे ऑस्ट्रेलियाई तेज़ गेंदबाज़ जोश हेजलवुड। हेजलवुड ने एक तेज़ शॉर्ट गेंद डाली, जिस पर पंत आक्रामक शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन गेंद सीधे उनके बाएं हाथ की कोहनी पर जा लगी। गेंद लगते ही पंत दर्द से कराहते नजर आए और तुरंत ही अपनी कोहनी पकड़ ली। वह क्रीज पर असहज दिख रहे थे और साफ लग रहा था कि चोट गंभीर हो सकती है। अगली ही गेंद पर पंत ने फिर से बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन वह पूरी तरह सहज नहीं थे और गेंद को मिस कर गए। इसके बाद टीम का फिजियो तुरंत मैदान पर आया और पंत की जांच की।