Rishabh Pant Injury Update: भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला रविवार (23 अगस्त) से कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। पहले टेस्ट में शानदार जीत के बाद टीम इंडिया ने दूसरे मुकाबले में भी अच्छी शुरुआत की है। हालांकि, पहले दिन भारतीय टीम को उस समय झटका लगा, जब स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को बल्लेबाजी के दौरान कलाई पर चोट लग गई।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय पारी के 58वें ओवर में यह घटना हुई। पांचवे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे पंत उस समय अपनी पारी की शुरुआत ही कर रहे थे और 15वीं गेंद का सामना कर रहे थे। इसी दौरान एक गेंद उनके ग्लव्स पर जाकर लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत दर्द महसूस हुआ।
चोट लगने के बाद भारतीय टीम के फिजियो मैदान पर पहुंचे और पंत का इलाज किया। उनकी कलाई पर सूजन को रोकने के लिए आइस पैक लगाया गया। इसके बाद उनकी कलाई पर टेप लगाने की भी कोशिश की गई, लेकिन थोड़ी देर बाद टेप हटा दिया गया।