Rohit Sharma Record: भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला (IND vs AFG 1st ODI) बीते शनिवार, 13 जून को धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में खेला गया था जहां मेजबान टीम के दिग्गज बल्लेबाज़ रोहित शर्मा (Rohit Sharma) कुछ खास नहीं कर पाए और अनलकी तरीके से 16 रनों के निजी स्कोर पर रन आउट हो गए। गौरतलब है कि इन सब के बावजूद हिटमैन के नाम एक बेहद ही खास रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
दरअसल, 39 वर्षीय रोहित शर्मा ने धर्मशाला में 16 रनों की छोटी पारी खेलकर भी बतौर सलामी बल्लेबाज़ इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 16,000 रन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने ये मुकाम अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में अपना छठा रन पूरा करते ही हासिल कर लिया था। इस करिश्माई आंकड़ें तक पहुंचने के लिए रोहित ने 384 इनिंग खेली है।
खास बात तो ये है कि रोहित शर्मा, वीरेंद्र सहवाग के बाद भारत के लिए बतौर सलामी बल्लेबाज़ 16,000 रन बनाने वाले सिर्फ दूसरे खिलाड़ी हैं। महान सचिन तेंदुलकर और सुनील गावस्कर भी अपने इंटरनेशनल करियर के दौरान ये कारनामा नहीं कर पाए थे। ध्यान दें कि दुनिया के भी सिर्फ सात ही खिलाड़ियों ने सलामी बल्लेबाज़ी करके इंटरनेशनल लेवल पर 16,000 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं।