आईपीएल 2026 के अपने पहले मुकाबले में मैदान पर उतरते ही मुंबई इंडियंस के स्टार खिलाड़ी रोहित शर्मा ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह आईपीएल के सभी 19 सीजन खेलने वाले पहले कैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं। विराट कोहली भी इस खास लिस्ट में शामिल हैं, लेकिन उन्होंने लीग की शुरुआत अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर की थी।
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले जा रहे मुकाबले में रोहित शर्मा ने इतिहास रच दिया। रविवार (29 मार्च) को वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में खेले जा रहे इस मैच में मैदान पर उतरते ही रोहित आईपीएल के सभी 19 सीजन खेलने वाले पहले कैप्ड खिलाड़ी बन गए।
रोहित शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2007 में ही डेब्यू कर लिया था, जबकि आईपीएल की शुरुआत 2008 में हुई थी। ऐसे में वह लीग के पहले सीजन से ही एक कैप्ड खिलाड़ी के तौर पर खेलते आ रहे हैं। यही वजह है कि उनका यह रिकॉर्ड और भी खास बन जाता है।