पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर (Sanjay Manjrekar) को लगता है कि भारत के सभी प्रारूपों के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को मुंबई इंडियंस के लिए खेलना और नए कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) के साथ बने रहने की कोशिश करना मुश्किल होगा। हाल ही में कुछ समय पहले मुंबई ने हार्दिक को गुजरात टाइटंस से ट्रेड करते हुए अपने साथ जोड़ा था और कप्तान बना दिया था।
मांजरेकर ने कहा कि, "यह मुश्किल होने वाला है. हार्दिक पांड्या एक ऐसे व्यक्ति हैं जिनमें थोड़ा स्वैग है। वह इसे मुंबई इंडियंस के ड्रेसिंग रूम में भी ले जाएंगे। ये थोड़ा असहज होगा क्योंकि रोहित शर्मा ने सोचा होगा, उन्हें कप्तान के तौर पर एक साल और मिलेगा।" वहीं मुंबई की कप्तानी को लेकर संजय ने कहा कि, "सूर्या ने सोचा कि वह इस सीज़न में एमआई को लीड करने में सक्षम हो सकते हैं। हालांकि हार्दिक पांड्या इसका असर अपने ऊपर नहीं पड़ने देंगे। यह मनोरंजक होगा।"
मुंबई इंडियंस के हेड कोच मार्क बाउचर ने रोहित की जगह हार्दिक को कप्तान बनाये जानें को लेकर कहा कि, "पिछले कुछ सीजन में उनका बल्ले (रोहित) से प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है लेकिन एक कप्तान के रूप में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है। मैंने पूरे मुंबई इंडियंस ग्रुप से बात करते हुए सोचा कि यह उनके लिए अपने अंतिम वर्ष में कदम रखने का एक अवसर हो सकता है।" हालांकि हेड कोच के इस बयान से रोहित की पत्नी रितिका ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी।