वर्ल्ड कप 2023 का आगाज़ कल यानि 5 अक्तूबर से होने जा रहा है। इस वर्ल्ड कप में कई बड़े खिलाड़ियों पर फैंस की निगाहें होंगी और उनमें से एक रोहित शर्मा भी होंगे क्योंकि पिछले वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा के बल्ले से 1 या 2 नहीं बल्कि 5 शतक देखने को मिले थे ऐसे में इस बार वो क्या धमाल मचाएंगे ये देखना दिलचस्प होगा। हालांकि, रोहित ने अपनी तैयारी साफ कर दी है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया से दूर रहने के अपने फैसले का खुलासा किया है।
रोहित ने खुलासा किया है कि वो पिछले 9 महीने से इंस्टाग्राम और ट्विटर पर नहीं हैं और उनके लिए सारी ब्रैंड डील्स उनकी पत्नी रितिका सजदेह देख रही हैं। रोहित ने कहा है कि सोशल मीडिया एक ध्यान भटकाने वाली और समय बर्बाद करने वाली चीज है। इसलिए उन्होंने बहुत पहले ही वर्ल्ड कप पर फोकस करने के लिए इससे दूरी बना ली थी।
रोहित ने अपने इंटरव्यू में कहा, “मैं लोगों का जीवन नहीं चलाता, अगर लोग इसे पसंद करते हैं, तो वो इसे पसंद करते हैं। आजकल सोशल मीडिया नकली है। मैंने सुबह टीम बस में किसी को ये कहते हुए देखा, कि देखा कि नहीं, इसने ये बोला, उसने ये बोला। वो इस पर चर्चा करते हैं। आप मेरा फोन देखें, आप इसे जांच सकते हैं, पिछले नौ महीनों से मेरे फोन पर ट्विटर या इंस्टाग्राम नहीं है। अगर हमें कोई भी कमर्शियल पोस्ट करना होता है तो मेरी पत्नी उसे संभालती है। ये ध्यान भटकाने वाली बातें हैं, ये सभी पूरे दिन फोन पर लगे रहते हैं। ये समय और ऊर्जा की बर्बादी है। इसलिए मैंने इसे अपने फोन पर नहीं रखने का फैसला किया है क्योंकि अगर ये सब फोन में होगा, तो मैं इसे देखूंगा।"