Rohit Sharma Record: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज (IND vs AFG ODI Series) खेली जानी है जिसका पहला मुकाबला (IND vs AFG 1st ODI) शनिवार, 13 जून को धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में खेला जाएगा। गौरतलब है कि इस मुकाबले के लिए मैदान पर अपना पहला कदम रखते ही रोहित शर्मा (Rohit Sharma) इतिहास रच देंगे और महान मोहिंदर अमरनाथ (Mohinder Amarnath) का एक 37 साल पुराना महारिकॉर्ड तोड़कर अपने नाम दर्ज करेंगे।
जी हां, ऐसा ही होने वाला है। दरअसल, रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में भारत के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनने की दहलीज पर हैं। वो धर्मशाला वनडे 39 साल और 44 दिन की उम्र में खेलने उतरेंगे। खास बात ये है कि इसी के साथ वो मोहिंदर अमरनाथ का रिकॉर्ड तोड़ देंगे, जिन्होंने आज से 37 साल पहले साल 1989 में 39 साल और 36 दिन की उम्र में अपना आखिरी वनडे मुकाबला खेला था।
बताते चलें कि रोहित शर्मा भारत के लिए वनडे क्रिकेट के सबसे दमदार खिलाड़ियों में से एक साबित हुए हैं। उन्होंने 50 ओवर फॉर्मेट में देश के लिए अब तक 282 मैच खेलकर 48.84 की औसत से 11,577 रन ठोके हैं। वो ODI क्रिकेट में महान सचिन तेंदुलकर (463 मैचों में 18,426 रन) और विराट कोहली (311 मैचों में 14,797) के बाद तीसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं।