India vs West Indies 2nd ODI: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के पास वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद में खेले जाने वाले दूसरे वनडे में एमएस धोनी (MS Dhoni) का एक खास रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा। रोहित ने भारतीय सरजमीं पर अब तक 116 छक्के जड़े हैं, वह बतौर भारतीय बल्लेबाज घर में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं।
धोनी ने भारत में खेली गई 113 वनडे पारियों में 116 छक्के जड़े हैं, वहीं रोहित ने सिर्फ 68 पारियों में ही इतने छक्के जड़े हैं। एक छक्का जड़ते ही वह इस मामले में सबसे आगे निकल जाएंगे।
रोहित घर में वनडे में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में फिलहाल पांचवें नंबर पर हैं। वेस्टइंडीज के क्रिस गेल ने घरेलू सरजमीं पर सबसे ज्यादा 147 छक्के जड़े हैं। उनके बाद इस लिस्ट में न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल (130), ब्रेंडन मैकुलम (126) और इंग्लैंड के इयोन मोर्गन (119) हैं।