भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और विराट कोहली (Virat Kohli) एक बार फिर साथ नजर आए हैं और इस बार दोनों मैदान पर नहीं, बल्कि एक मजेदार प्रोमो में दिखाई दिए हैं। भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली आगामी वनडे सीरीज के प्रोमो में दोनों खिलाड़ियों ने बॉलीवुड फिल्म पठान के शाहरुख खान और सलमान खान के चर्चित सीन को अपने अंदाज में रीक्रिएट किया है।
इस प्रोमो को आगामी भारत और श्रीलंका सीरीज के आधिकारिक ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स ने जारी किया है। प्रोमो में रोहित और विराट इस बात पर चर्चा करते नजर आते हैं कि दोनों ने भारतीय क्रिकेट में लंबे समय तक खेलते हुए कई पीढ़ियों को आते-जाते देखा है।
प्रोमो को और मजेदार बनाने के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली ने अपने कुछ साथी खिलाड़ियों की भी नकल की। दोनों ने एक-दूसरे के साथ मजाक करते हुए केएल राहुल, रवींद्र जडेजा और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों के अंदाज को भी कॉपी किया। प्रोमो आगे बढ़ने के साथ ही आगामी वनडे वर्ल्ड कप ईयर पर फोकस करता है। रोहित और विराट दोनों इस बड़े टूर्नामेंट के महत्व पर बात करते हैं और इसे भारतीय क्रिकेट के लिए शानदार साल बनाने की उम्मीद जताते हैं।