SA vs AUS 2nd Test: साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में दमदार वापसी करते हुए पारी और 31 रन से जीत दर्ज की। गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में खेले गए इस मुकाबले में मेजबान टीम ने पहली पारी में 425 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बना दिया था। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी महज 99 रन पर सिमट गई। फॉलोऑन खेलने उतरी कंगारू टीम ने दूसरी पारी में संघर्ष जरूर किया, लेकिन पूरी टीम 295 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने अपनी पहली पारी में 9 विकेट के नुकसान पर 425 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी। कप्तान टेम्बा बावुमा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 334 गेंदों में 179 रन की बड़ी पारी खेली। बावुमा के अलावा मार्को यानसन ने 85 रन और साइमन हार्मर ने 82 रन का अहम योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत साउथ अफ्रीका 400 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रहा।
425 रन के जवाब में उतरी ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। टीम के बल्लेबाज साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सके और पूरी पारी 99 रन पर समाप्त हो गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्टीव स्मिथ ने 88 गेंदों में 28 रन बनाकर सबसे ज्यादा योगदान दिया। अन्य मुख्य बल्लेबाज ट्रेविस हेड और मार्नस लाबुशेन 14-14 रन बनाकर आउट हुए, जबकि निक मैडिन्सन और एलेक्स कैरी अपना खाता भी नहीं खोल पाए। हाल यह था कि ऑस्ट्रेलिया का कोई भी बल्लेबाज 30 रन तक नहीं पहुंच सका।