भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट फाइनल में मुकाबले के साथ-साथ मैदान पर पाकिस्तानी ऑलराउंडर सैम अयूब (Saim Ayub) के सेलिब्रेशन ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं थी। उन्होंने भारत के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) को आउट करने के बाद ऐसा इशारा किया था, जिस पर अब पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज अहमद शहजाद भी खूब भड़के हैं।
दरअसल, सैम अयूब ने वैभव सूर्यवंशी को 9 गेंदों में 15 रन के स्कोर पर आउट किया। इसके बाद उन्होंने दोनों हाथों से बेबी क्रैडल सेलिब्रेशन किया। वैभव सूर्यवंशी ने अयूब के इस सेलिब्रेशन पर किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी। वह चुपचाप मैदान से बाहर चले गए और डगआउट की ओर लौट गए।
सैम अयूब के इस सेलिब्रेशन के वीडियो सामने आने के बाद अब पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज अहमद शहजाद ने उनकी जमकर आलोचना की है। अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए शहजाद ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाड़ी मैदान पर इस तरह की एक्टिंग करने के बजाय अपने प्रदर्शन पर ध्यान दें।