सनराइजर्स हैदराबाद की टीम पिछले कुछ दिनों से हैदराबाद में अपने घरेलू मैदान पर आईपीएल 2026 की तैयारी कर रही है और इसी कड़ी में इस टीम ने 21 मार्च को अपना पहला इंट्रा-स्क्वाड मैच भी खेला। इस मैच में टीम के लिए कई पॉजीटिव्स निकलकर सामने आए। सबसे पहले तो अभिषेक शर्मा ने 94 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि हेनरिक क्लासेन ने भी ताबड़तोड़ चौके-छक्के लगाए।
हालांकि, अंत में 23 वर्षीय सलिल अरोड़ा ने जो बैटिंग की, उसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। पंजाब से आने वाले सलिल ने ये दिखा दिया कि वो भी किसी से कम नहीं हैं और इस प्रैक्टिस मैच में बवाल मचाते हुए एक के बाद एक पांच छक्के जड़ दिए। घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे सलिल अरोड़ा ने इस वार्म-अप मैच में एक तूफानी पारी खेलकर सुर्खियां बटोर लीं।
अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन की पारियों के बाद मध्य क्रम में बल्लेबाजी करने आए सलिल ने सिर्फ 16 गेंदों में 48 रन बनाकर गेंदबाजों के पसीने छुड़ा दिए। 300 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे अरोड़ा पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए। इस पारी में सलिल ने लगातार पांच गेंदों पर पांच छक्के जड़े। अरोड़ा ने जयदेव उनादकट के ओवर की आखिरी दो गेंदों पर लगातार दो छक्के भी लगाए और फिर अगले ओवर में स्ट्राइक पर आते ही लगातार तीन छक्के जड़ दिए। अरोड़ा की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत, पहले बल्लेबाजी कर रही SRH A की टीम 21 ओवरों में 253 रन बनाने में सफल रही।
Another batting powerhouse from Sunrisers Hyderabad - Salil Arora
— Sunrisers Army (@srhorangearmy) March 21, 2026
Those no look sixes pic.twitter.com/J4prFDF4kT